बड़ी खबर : तीर्थ पुरोहितों ने पूर्व अपर सचिव अरविंद पांडेय को नजर बंद कर जताया आक्रोश

तीर्थ पुरोहितों ने पूर्व अपर सचिव अरविंद पांडेय को नजर बंद कर जताया आक्रोश…
रूद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम में बुधवार प्रात : धाम पहुंचे सचिव सूचना आयोग उत्तराखंड अरविंद पांडेय को तीर्थ पुरोहित ने मंदिर समिति कार्यालय में बंधक बना दिया।
बता दें कि वर्ष 2024 की केदारनाथ धाम यात्रा शुरू होने से पूर्व धाम में पुननिर्माण के कार्यों के दौरान तीर्थ पुरोहितों के भवनों को बिना आपसी सहमति के तोड़ा गया साथ ही, मंदिर मार्ग पर बड़ी बड़ी नालियां बनाने के समय तीर्थपुरोहितों की अस्थाई दुकानों को भी गिराया गया। वहीं इस कार्य से नाराज तीर्थ पुरोहितों ने पूर्व में अपर सचिव रहे अरविंद पांडेय को बिना सहमति के भवन तुड़वाने हेतु आदेश जारी करने के सम्बन्ध में आज बुधवार को बंधक बनाया है।
तीर्थपुरोहितों ने बताया कि पूर्व में अपर सचिव रहते हुए इनके द्वारा बिना सहमति के भवनों को तोड़ा गया जिसके विरोध में केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के दिन तीर्थ पुरोहितों ने धाम में अपने भवन और दुकानें बंद कर अपना विरोध प्रकट किया था। वहीं बुधवार को धाम पहुंचे सचिव सूचना आयोग का घेराव कर उन्हें रोक दिया गया। साथ ही तीर्थ पुरोहितों ने उनसे बिना सहमति भवन तोड़े जाने के आदेश को दिखाने की मांग की गई।
वहीं, सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम ऊखीमठ अनिल शुक्ला वार्ता हेतु पहुंचे।
इस दौरान केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, किशन बगवाड़ी, संतोष त्रिवेदी, संजय तिवारी, पंकज शुक्ला, अंकित सेमवाल, प्रदीप शुक्ला सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित मौजूद रहे।



