उत्तराखंडखास खबरेंफटाफट ख़बरेंराष्ट्रीयशिक्षा

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डॉ जैक्स वीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में माँ शारदा कीर्ति गौरव सम्मान समारोह

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डॉ जैक्स वीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में माँ शारदा कीर्ति गौरव सम्मान समारोह

गुप्तकाशी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित डॉ जैक्स वीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में माँ शारदा कीर्ति गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर सोसाइटी द्वारा अपने विद्यालय में अध्ययनरत् सभी छात्र-छात्राओं की माताओं को माँ शारदा कीर्ति गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी भारतीय जनता पार्टी उत्तराखण्ड श्रीमती  शकुन्तला जगवाण, विशिष्ट अतिथि श्री गंगाधर मैठाणी राजकीय महाविद्यालय गुप्तकाशी  के प्राचार्य पीएस जगवाण एवं कार्यक्रम अध्यक्ष रेखा चौहान द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन किया गया।
विद्यालय को संचालित करने वाली संस्था जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी द्वारा मुख्य अतिथि शकुन्तला जगवाण सहित विद्यालय में अध्ययनरत् छात्र-छात्राओं की दो सौ अभिभावक माताओं को अपने पाल्यों को उत्तम शैक्षिक वातावरण में नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण अनुशासित, संस्कारयुक्त, समुचित मार्गदर्शन, सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए राष्ट्र प्रेम की भावनाओं के साथ सुव्यवस्थित ढंग से पालन पोषण एवं पारिवारिक जिम्मेदारियों का उत्कृष्टता से निर्वहन करने हेतु माँ शारदा कीर्ति सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस दौरान छात्राओं द्वारा साँस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुत दी गई, साथ ही विद्यालय की बालवाटिका कक्षाओं की आकर्षक प्रस्तुति ने भी अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं द्वारा नवाचार और तकनीकी परिवर्तन के तहत महिलाओं एवं लड़कियों में लैंगिक समानता और सशक्तिकरण विषय पर भी अपने विचार रखे गये। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि  पहुंची शकुन्तला जगवाण ने कहा कि किसी मनुष्य की पहली शिक्षिका एक माँ ही होती है। इसलिए यह हम सब माताओं की जिम्मेदारी है कि अपने बच्चों को संस्कारवान बनाकर उन्हें एक सशक्त एवं स्वावलम्भी देशवासी बनायें। विद्यालय द्वारा संचालित गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय ने प्रदेश स्तर पर भी अपना नाम रोशन किया है। विशिष्ट अतिथि पीएस जगवाण ने कहा कहा कि एक महिला उन सभी गुणों से संचित रहती है जो इस सृष्टि के संचालन के लिए आवश्यक हैं। इसलिए अभिभावक माताओं का सम्मानित होना गर्व की बात है और यह विद्यालय की अभिनव पहल है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वो जीवन में जो भी प्राप्त करते हैं उसमें पचास प्रतिशत मेहनत उनकी माताओं का होता है। इसलिए माताओं का हमेशा सम्मान करना सीखें। सम्मानित होने वाली समस्त मातृ शक्ति को नमन करते हुए उन्होंने हार्दिक शुभकामनायें प्रेषित की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन लखपत सिंह राणा ने कहा कि संस्था इस तरह के आयोजनों से एक सुंदर, खुशहाल एवं मजबूत समाज के निर्माण में अपनी भागेदारी निभा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस विशेष सम्मान समारोह के आयोजन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय आज का दिन अपने अभिभावकों को समर्पित कर उन्हें सम्मानित कर यादगार बनाना चाहता है। कार्यक्रम समापन अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष रेखा चौहान ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए सभी अतिथियों एवं सम्मानित होने वाले वाले अभिभावकों का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य रामकृष्ण गोस्वामी,चन्द्रशेखर नौटियाल, मनीष डिमरी, पंकज पंवार, राहुल राणा, विनोद गैरोला, ज्योति असवाल, कविता दुमागा, संध्या भट्ट, रिचा सेमवाल, कविता भट्ट, संगीता दानू, सुमन शुक्ला, संगीता जमलोकी, अर्चना देवी, पूनम बर्तवाल, राखी चौहान, वीणा चौहान, ज्योति देवशाली, कविता गोस्वामी, रविन्द्र सिंह नेगी सहित अभिभावक भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!