उत्तराखंडगांवफटाफट ख़बरें

मोटरमार्ग निर्माण को लेकर सांदर गांव की महिलाओं ने डीएम मार्ग को रखा ढाई घंटे बंद

मोटरमार्ग निर्माण को लेकर सांदर गांव की महिलाओं ने डीएम मार्ग को रखा ढाई घंटे बंद
अचानक से डीएम मार्ग पर चक्काजाम करने से पुलिस प्रशासन का छूटा पसीना
लम्बे समय से दो किमी सड़क की मांग कर रहे हैं ग्रामीण,
मोटरमार्ग निर्माण को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू,
हर दिन धरना देने के साथ चार घंटे करेंगे चक्काजाम,
रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय से सटे सांदर गांव के ग्रामीण ने लम्बे समय से हो रही सड़क की मांग को लेकर डीएम कार्यालय को जाने वाले मोटरमार्ग पर जाम लगा दिया। महिलाओं ने करीब ढाई घंटे तक मोटरमार्ग को बंद रखा। इस दौरान बोर्ड परीक्षाओं की काॅपियों को संकलन केन्द्र पहुंचाने में शिक्षकों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा, जबकि अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ ही आम जनता को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ी। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया जाता, सुरंग निर्माण का कार्य बंद रहेगा और ग्रामीण हर दिन सुरंग के सामने धरना देने के साथ ही चार घंटे तक मोटरमार्ग पर चक्काजाम भी करेंगे। सांदर गांव की महिलाओं के अचानक से डीएम मार्ग पर चक्काजाम करने से पुलिस प्रशासन के पसीने छूट गए।

दरअसल, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से सटे सांदर गांव के ग्रामीण लम्बे समय से सड़क की मांग कर रहे हैं। सड़क निर्माण को लेकर सर्वे की कार्यवाही से लेकर अन्य प्रक्रियाएं भी पूरी हो गई हैं, लेकिन एनएच विभाग और भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से बार-बार ग्रामीणों को बेवकूफ बनाया जा रहा है। ऐसे में शनिवार को सांदर गांव के ग्रामीणों ने रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटरमार्ग पर बद्रीनाथ हाईवे को केदारनाथ हाईवे से जोड़ने के लिए बनाई जा रही सुरंग के बाहर धरना दिया। सुबह दस बजे ग्रामीणों ने धरना देते हुए जिला प्रशासन, सरकार और भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए नारे लगाए। साथ ही निर्माण कार्य को बंद भी करवाया। ग्रामीणों ने कहा कि सांदर गांव के नीचे 900 मीटर लम्बी सुरंग का निर्माण कार्य चल रहा है। इस सुरंग से गांव को बहुत बड़ा खतरा पैदा हो गया है, जबकि ग्रामीणों के आवासीय भवनों में दरारें भी पड़ने लगी हैं। सुरंग निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन ग्रामीणों की सड़क की मांग आज तक पूरी नहीं हो पाई है। जबकि सुरंग निर्माण कार्य शुरू होने के समय ग्रामीणों के साथ एनएच विभाग और भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों ने सड़क निर्माण का वादा किया था और यह वादा आज तक पूरा नहीं किया गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने ढाई घंटे तक रुद्र्रप्रयाग-पोखरी मोटरमार्ग पर चक्काजाम भी किया, जिस कारण डीएम कार्यालय को जाने वाला मार्ग बंद हो गया है, जबकि जज कोर्ट, जिला अस्पताल, विकास भवन, कोटेश्वर, चोपता, कार्तिक स्वामी, पोखरी आने-जाने वाले लोग भी परेशान रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!