
केदारनाथ धाम में बर्फवारी का हुआ आगाज, तीर्थयात्रियों में खुशी की लहर
रुद्रप्रयाग (केदारनाथ)। हिमालय की गोद मे विराजमान श्री केदारनाथ धाम में वर्ष की पहली बर्फवारी का आगाज हो चुका है। बीते कुछ दिनों से लगातार धाम में रुक रुक कर बारिश हो रही थी , मंगलवार को धाम में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि देखने को मिली। बारिश से तापमान में काफी गिरावट महसूस होने लगी, विगत रात्रि को केदारपुरी में बर्फवारी शुरू हो गई, प्रातः सूर्य की चमक से केदारपुरी सोने के समान दिव्य चमकने लगी। हिमालय की चमचमाती स्वेत चादर का मनमोहक नजारा देख तीर्थ यात्री खुद को धन्य महसूस करने लगे।वहीं केदारपुरी के चारों ओर बर्फवारी देख तीर्थयात्रियों में खुशी की लहर आ गई।
बता दें कि केदारनाथ के ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में विगत कई दिनों से बर्फवारी हो रही थी, मगर मंगलवार देर रात्रि में केदारपुरी की निकटवर्ती पहाड़ियों सहित बाबा केदारनाथ धाम के रक्षक भगवान भैरव मंदिर तक बर्फवारी होने लगी। केदारपुरी में अभी साल की पहली हल्की बर्फवारी का आगाज हुआ है आने वाले दिनों में मौसम ठंडा बना रहा तो धाम में भारी बर्फवारी हो सकती है।



