सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग पर हादसा होने से बाल बाल बचा, सड़क किनारे अटका वाहन

फाटा ( रूद्रप्रयाग)। सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। त्रियुगीनारायण धाम से दर्शन कर लौट रहा यात्रियों से भरा वाहन लाल पौड़ के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर चला गया। गनीमत रही कि वाहन सड़क किनारे एक पत्थर में अटक गया और खाई में गिरने से बच गया।
जानकारी के अनुसार, करीब 12 बजे किमी सात के समीप यह घटना हुई। वाहन में चालक समेत कोलकाता, पश्चिम बंगाल के सात यात्री सवार थे। वाहन के सड़क से बाहर जाने के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे नियंत्रित करने का प्रयास किया, जिससे वाहन खाई में गिरने के बजाय सड़क किनारे पत्थर में अटक गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार चालक द्वारा ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। घटना के बाद वाहन को सुरक्षित निकाल दिया गया।



