
लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठ। रक्षाबंधन पर्व के दिन भारत सेवाश्रम-ऊखीमठ मोटर मार्ग पर स्कूटी सवार पंच केदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य परकण्डी प्रीति पुष्वाण के पति डाॅ. कैलाश पुष्वाण को टाटा सूमो से टक्कर मारने वाले व्यक्ति की घटना के 72 घंटे बाद भी गिरफ्तारी न होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कण्डारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी ऊखीमठ एवं थानाध्यक्ष से मुलाकात कर दुर्घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व के दिन भारत सेवाश्रम-ऊखीमठ मोटर मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में डाॅ. कैलाश पुष्वाण गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद से ही क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है तथा परिजन, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सड़क हादसे को 72 घंटे बीत जाने के बावजूद संबंधित व्यक्ति की गिरफ्तारी न होना कई सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने प्रशासन व पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को कानून के दायरे में लाने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी और थानाध्यक्ष से कहा कि मृतक डाॅ. कैलाश पुष्वाण सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्ति थे और क्षेत्र के होटल, होम स्टे तथा पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के हितों के लिए लगातार कार्य करते रहे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गहरा आघात पहुंचा है। ऐसे में मामले की जांच निष्पक्ष एवं त्वरित गति से होना आवश्यक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दुर्घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच करने, प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत ने कहा कि घटना में दोषी सभी लोगों को कानून के दायरे में लाना चाहिए। व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट ने कहा कि यदि समय रहते घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं की गयी तो व्यापारी अनिश्चितकाल के लिए अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बन्द करने के लिए विवश हो जायेंगे। गुरिल्ला संगठन बसन्ती रावत ने कहा कि जनपद की यातायात व्यवस्था राम भरोसे संचालित हो रही है तथा आये दिन टक्कर मारने की घटनाएं सामने आ रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान व्यापार संघ ऊखीमठ व विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियो ने तहसील प्रशासन के माध्यम से पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन भेजकर फरार चल रहे वाहन चालक की शीध्र गिरफ्तारी की मांग की ।
उप जिलाधिकारी व थानाध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा घटना को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे व्यक्ति को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गयी है तथा समय-समय पर विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस मौके पर पूर्व प्रमुख जखोली प्रदीप थपलियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष अगस्त्यमुनि राजेन्द्र प्रसाद गोस्वामी, पूर्व जिला कुंवर सजवाण, ऊखीमठ ब्लॉक अध्यक्ष विनोद राणा, गुप्तकाशी गणेश तिवारी, कांग्रेस मनरेगा प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक बगवाड़ी, लक्ष्मण रावत, राजेन्द्र सिंह भण्डारी, अंकुर रौथाण, महावीर सिंह नेगी, कर्मवीर कुंवर, दौलत पंवार, नवदीप नेगी, मदन सिंह रावत सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।



