उत्तराखंडखास खबरें

अगस्त्यमुनि कॉलेज में परीक्षा परिणाम सुधार समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर एनएसयूआई की भूख हड़ताल जारी

अगस्त्यमुनि कॉलेज में परीक्षा परिणाम सुधार समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर एनएसयूआई की भूख हड़ताल जारी

अगस्त्यमुनि। परीक्षा परिणामों में सुधार समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर अगस्त्यमुनि महाविद्यालय में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की भूख हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही। आंदोलन के दौरान एनएसयूआई नेता उज्ज्वल मैठाणी की तबीयत बिगड़ने के बाद पिछले तीन दिनों से सौम्य चमोली भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्रों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

एनएसयूआई छात्रों की प्रमुख मांगों में परीक्षा परिणामों में सुधार, महाविद्यालय में रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति, शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार तथा महाविद्यालय में प्रशिक्षित नर्स की नियुक्ति शामिल है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा परिणामों में सामने आई विसंगतियों से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं शिक्षकों के रिक्त पदों के चलते पठन-पाठन व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

भूख हड़ताल पर बैठे सौम्य चमोली ने कहा कि लंबे समय से महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय और संबंधित अधिकारियों से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा, हमारी मांगें किसी व्यक्तिगत हित से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों के हित और उनके भविष्य से संबंधित हैं। जब तक परीक्षा परिणामों में सुधार सहित चारों मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, भूख हड़ताल जारी रहेगी।

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द वार्ता कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!