डिजिटल डिपॉजिट रिफंड स्कीम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी पहल, अप्रैल से नवंबर तक 94 प्रतिशत QR क्लेम

रूद्रप्रयाग । केदारनाथ धाम में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित डिजिटल डिपॉजिट रिफंड स्कीम (DDRS) के तहत प्रभावी कार्य किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य यात्रा के दौरान प्लास्टिक कचरे को नियंत्रित करना, यात्रियों को कचरा वापस जमा करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा केदारनाथ धाम एवं यात्रा मार्ग को स्वच्छ बनाए रखना है।
इस योजना के अंतर्गत यात्रियों को प्लास्टिक की बोतलों एवं अन्य पैकेजिंग पर QR आधारित डिजिटल डिपॉजिट रिफंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। निर्धारित संग्रह केंद्रों पर खाली बोतल अथवा पैकेजिंग वापस जमा करने पर QR कोड के माध्यम से जमा राशि डिजिटल रूप से वापस प्राप्त की जा सकती है। इससे प्लास्टिक कचरे को खुले में फेंकने के बजाय संग्रहण केंद्रों तक वापस लाने और उसके उचित निस्तारण एवं पुनर्चक्रण को प्रोत्साहन मिलता है।
योजना के तहत अप्रैल से नवंबर 2026 तक केदारनाथ में कुल 4,37,550 QR उपलब्ध कराए गए जिनमें से 4,10,078 QR क्लेम किए गए हैं। इस प्रकार लगभग 94 प्रतिशत QR क्लेम दर्ज किए गए हैं।
डिजिटल डिपॉजिट रिफंड स्कीम के माध्यम से यात्रियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए प्लास्टिक कचरे के संग्रहण एवं निस्तारण को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह पहल केदारनाथ धाम की स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण तथा यात्रा को अधिक स्वच्छ एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



