कियोस्क स्केनर से मिलेगी केदारनाथ यात्रा में इस बार घोड़ा-खच्चर संचालन संबंधित जानकारी

कियोस्क स्केनर से मिलेगी केदारनाथ यात्रा में इस बार घोड़ा-खच्चर संचालन संबंधित जानकारी
रुद्रप्रयाग। श्रीकेदारनाथ धाम मंदिर के कपाट आगामी 25 अप्रैल को खुलने जा रहे हैं। इस वर्ष केदारनाथ यात्रा पैदल मार्ग पर संचालित होने वाले घोड़ा-खच्चरों, हॉकरों व संचालकों के बारे में यात्री इस बार पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिये जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग की ओर से गौरीकुण्ड -केदारनाथ पैदल मार्ग पर तीन स्थानों पर कियोस्क स्केनर लगाये जायेंगे। जिससे घोड़ा खच्चरों के संचालन को बेहतर करने में मदद के साथ शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो सकेगा।
बता दें केदारनाथ यात्रा में पैदल मार्ग पर संचालित होने वाले घोड़ा खच्चरो की अहम भूमिका रहती है। बीते वर्ष यात्रा मार्ग पर 351 घोड़ा खच्चरो की मौतों ने यात्रा व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला दिया था। मामला केंद्र सरकार तक जा पहुंचा था, जिसमे केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद तब जाकर व्यवस्था में सुधार किये गये थे।
वहीं इस बार गौरीकुण्ड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर तीन स्थानों पर कियोस्क सकैनर लगाये जायेंगे। कियोस्क सकैनर स्क्रीन पर घोड़ा खच्चर के टैग व हॉकर के पंजीकरण कॉर्ड को टच करते हुये यात्रा में शामिल घोड़ा-खच्चर, संचालक और हॉकर के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त हो सकेगी।



