मंदाकिनी शरदोत्सव के चौथे दिन स्थानीय कलाकारों की धूम, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठ। अगस्त्यमुनि में आयोजित पांच दिवसीय मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले के चौथे दिन स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। कलाकारों ने लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत के विविध रंग बिखेरे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मेला पांडाल में पहुंचे। मेले के चौथे दिन कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने गढ़वाली लोकगीतों, मांगल गीतों, झुमेलो और पारंपरिक लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। कलाकारों की प्रस्तुतियों में पहाड़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक जीवन की झलक देखने को मिली। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। मेले में विभिन्न विभागों एवं स्थानीय उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टाल भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। कृषि, उद्यान, ग्रामीण स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों से जुड़े स्टालों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं एवं स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी भी मिल रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि मेले हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कृषि एवं औद्योगिक विकास मेले स्थानीय काश्तकारों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार का अवसर देने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि मंदाकिनी शरदोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे मंच निरंतर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
मेला अध्यक्ष हर्षवर्धन बेजवाल ने मुख्य अतिथि, कार्यक्रम अध्यक्ष सहित सभी जनप्रतिनिधियों, अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय मेले को सफल बनाने में सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मेले का उद्देश्य क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही कृषि, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों से मेले की रौनक बढ़ी है और क्षेत्रीय जनता का उत्साह आयोजन समिति के लिए प्रेरणास्रोत है।
चौथे दिन देर शाम तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहा। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मंदाकिनी घाटी की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को जीवंत कर दिया। इस मौके पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक खत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, जिला पंचायत सदस्य गंभीर बिष्ट, निर्मला बहुगुणा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, भाजपा केदारनाथ मण्डल अध्यक्ष सुभाष रावत, गुप्तकाशी किरन शुक्ला, सुशीला बिष्ट, सरला भट्ट, नरेन्द्र रौथाण, श्रीनन्द जमलोकी, ओम प्रकाश बहुगुणा, सुमान सिंह रौथाण, आरती रावत, मेला संयोजक बिक्रम सिंह नेगी, सचिव रमेश बेजवाल, पृ्थ्वी पाल रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र भण्डारी, वीरांगना संगठन अध्यक्ष माधुरी नेगी, बलवीर लाल मौजूद रहे।



