उत्तराखंडखास खबरेंधार्मिक

पंचमुखी उत्सव डोली पहुंची द्वितीय रात्रि पड़ाव गुप्तकाशी, जयकारों और आर्मी बैंड की धुनों के बीच किया स्वागत

रामपुर में भक्तों ने पुष्पवर्षा कर किया भव्य स्वागत, होटल एसोसिएशन ने लगाया भंडारा, जनकल्याण सांस्कृतिक मंच ने आयोजित की भजन संध्या

फाटा (रूद्रप्रयाग)। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली कैलाश से शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को बाबा की उत्सव डोली अपने प्रथम रात्रि पड़ाव रामपुर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ डोली का भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर होटल एसोसिएशन केदारघाटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जबकि जनकल्याण सांस्कृतिक मंच की ओर से भजन संध्या आयोजित कर बाबा केदार की महिमा का गुणगान किया गया। देर शाम तक रामपुर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु बाबा के दर्शनों के लिए उमड़ते रहे।

गुरुवार सुबह पंचमुखी उत्सव डोली की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद करीब साढ़े आठ बजे बाबा की डोली अगले पड़ाव गुप्तकाशी के लिए रवाना हुई। आर्मी बैंड की मधुर धुनों और भक्तों के जयकारों के बीच बाबा की डोली रामपुर से शेरसी, बड़ासू, फाटा, मैखंडा, ब्यूंग, नारायणकोटी और नाला होते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंची। यात्रा मार्ग के प्रत्येक पड़ाव पर श्रद्धालु बाबा के स्वागत के लिए खड़े नजर आए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भक्तों ने बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, फाटा में व्यापार संघ की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।

शुक्रवार को बाबा केदार की उत्सव डोली गुप्तकाशी से रवाना होकर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। इसके बाद आगामी छह माह तक भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी।

इस दौरान मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, श्री केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, भरत कुर्मांचली, जसपाल राणा, जगत सिंह रमोला, पंचगाई समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!