21 साल से सड़क की राह देख रहे ईशाला के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, जिलाधिकारी कार्यालय का किया घेराव

प्रशासन के खिलाफ जमकर की नारेबाजी, मांग पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल और विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि विकासखंड की दूरस्थ ग्राम पंचायत ईशाला के ग्रामीणों का सड़क की मांग को लेकर आखिरकार सब्र जवाब दे गया। पिछले 21 वर्षों से सड़क सुविधा की मांग उठा रहे ग्रामीण गुरुवार को बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों में आंदोलन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक गांव को सड़क से जोड़ने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो ग्रामीण भूख हड़ताल शुरू करने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार भी करेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2005 से लगातार ईशाला गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन दो दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। पूर्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शासन के अधिकारियों से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन आश्वासन के बाद भी धरातल पर कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। इससे नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया और शासन-प्रशासन पर गांव की लगातार उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों के इस आंदोलन को जिला कांग्रेस कमेटी रुद्रप्रयाग ने भी समर्थन दिया। वहीं, आंदोलन के दौरान स्थिति को संभालने के लिए अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और वार्ता बेनतीजा रही।
ग्रामीणों ने बताया कि ईशाला गांव आज भी सड़क मार्ग से करीब पांच किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पांच किलोमीटर पैदल दूरी तय कर सड़क तक पहुंचना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को इंटर कॉलेज पहुंचने के लिए करीब साढ़े पांच किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भी सड़क सुविधा के अभाव में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण बुद्धिबल्लभ थपलियाल और धीर सिंह बिष्ट ने कहा कि वर्ष 2005 से लगातार सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन इतने लंबे संघर्ष के बाद भी शासन-प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने वाले नहीं हैं। जब तक गांव को सड़क से जोड़ने की ठोस कार्रवाई शुरू नहीं होती, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। मांग पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल की जाएगी और आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
इधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई लगातार गतिमान है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ईशाला गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।



