उत्तराखंडखास खबरेंरुद्रप्रयाग

35 दिन बाद भी रूद्रप्रयाग जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं, 15-20 दिन में डॉक्टर लाने का वादा निकला हवा-हवाई : मोहित डिमरी

रुद्रप्रयाग। जनपद के सबसे बड़े स्वास्थ्य केंद्र जिला चिकित्सालय, रुद्रप्रयाग में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर रुद्रप्रयाग विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में एक पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिले का सबसे बड़ा अस्पताल आज खुद बीमार है और महज एक ‘रेफरल सेंटर’ बनकर रह गया है।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए मोहित डिमरी ने कहा कि बीते 8 अक्टूबर 2026 को स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सार्वजनिक रूप से यह आश्वासन दिया था कि 15 से 20 दिनों के भीतर रुद्रप्रयाग में डॉक्टरों की नियुक्ति कर दी जाएगी। लेकिन आज 35 दिन बीत जाने के बावजूद धरातल पर एक भी विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिला अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला (ENT) और नेत्र रोग विशेषज्ञ जैसे अति-आवश्यक पदों पर एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं है।

मोहित डिमरी ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में महिला रोग विशेषज्ञ और सर्जन न होने के कारण हाई-रिस्क प्रसव के मामलों में सिजेरियन ऑपरेशन तक की सुविधा उपलब्ध नहीं है। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से प्रसव पीड़ा में लाई जाने वाली महिलाओं को प्राथमिक उपचार के नाम पर सीधे श्रीनगर या ऋषिकेश रेफर कर दिया जाता है। पहाड़ के दुर्गम रास्तों और लंबे सफर के दौरान समय पर इलाज न मिलने से जच्चा और बच्चा दोनों की जान पर संकट मंडराता रहता है।

प्रदेश की स्वास्थ्य नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की दोहरी व्यवस्था चल रही है। एक तरफ माननीयों (विधायकों व मंत्रियों) के लिए देश भर के नामी निजी अस्पतालों में असीमित कैशलेस इलाज और विदेश तक जाकर उपचार कराने की सुविधा है। वहीं दूसरी तरफ, पहाड़ की जनता को सरकारी अस्पताल में एक अदद सर्जन या हड्डी के डॉक्टर के लिए तरसना पड़ रहा है।

मोहित डिमरी ने कहा कि सरकार सरकारी मेडिकल कॉलेजों से बेहद कम फीस पर MBBS और PG करने वाले डॉक्टरों से पहाड़ में सेवा देने के लिए क्रमशः ₹1 करोड़ और ₹2.5 करोड़ का बॉन्ड भरवाती है। लेकिन सख्ती न होने के कारण सैकड़ों डॉक्टर बॉन्ड तोड़कर गायब हो जाते हैं या मैदानी जिलों में अटैच हो जाते हैं, जिसका खामियाजा रुद्रप्रयाग जैसे पर्वतीय जिलों को भुगतना पड़ रहा है।

मोहित डिमरी ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में तत्काल प्रभाव से महिला रोग विशेषज्ञ, सर्जन, हड्डी, नेत्र और ईएनटी विशेषज्ञों की स्थायी नियुक्ति की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इन रिक्त पदों को नहीं भरा गया, तो वे स्थानीय जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!