उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंराजनीतिराष्ट्रीय

पीएम मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की बदली तस्वीर : प्रभारी मंत्री गणेश जोशी, रुद्रप्रयाग पहुंचने पर भाजपा कार्यालय में किया पौधरोपण

पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार की उपलब्धियां रखीं

रूद्रप्रयाग। जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी जनपद भ्रमण पर रुद्रप्रयाग पहुंचे हैं। उन्होंने भाजपा जिला कार्यालय में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके उपरांत आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को पत्रकारों के समक्ष रखा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, जनकल्याण, सुरक्षा, आधारभूत संरचना और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल सरकार की उपलब्धियों की नहीं, बल्कि देशवासियों के विश्वास, सहभागिता और संकल्प की यात्रा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार जनता द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जताया गया विश्वास इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता विकास और सुशासन की राजनीति को समर्थन दे रही है। आज एनडीए देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे सहायता राशि पहुंचाई गई है। जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री स्वनिधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचा है। इससे भ्रष्टाचार और फर्जी लाभार्थियों पर प्रभावी रोक लगी है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की आधारभूत संरचना के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, रेलवे, मेट्रो नेटवर्क, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। वंदे भारत ट्रेनों, अटल टनल, चिनाब ब्रिज और नए पंबन ब्रिज जैसी परियोजनाएं नए भारत की विकास दृष्टि का प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक मजबूत और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान तथा विभिन्न देशों के साथ बढ़ते आर्थिक और रणनीतिक संबंध भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को दर्शाते हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास के साथ-साथ सरकार ने भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी सशक्त किया है। कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक तथा “हर घर तिरंगा” और “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियानों ने राष्ट्रभावना को नई ऊर्जा प्रदान की है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, समावेशी विकास और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य विकसित भारत के निर्माण का है और केंद्र सरकार उसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती पूनम कठैत, जिलाध्यक्ष भाजपा भारत भूषण भट्ट, विधायक केदारनाथ श्रीमती आशा नौटियाल, सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री चंडी प्रसाद भट्ट, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, जिला भेषज संघ की नव निर्वाचित अध्यक्ष आरती रावत, वाचस्पति सेमवाल, महावीर पंवार आदि सहित अन्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!