उत्तराखंडगांवधार्मिकरुद्रप्रयाग

भगवती चण्डिका ने बछनी गांव में भक्तों को दिया आशीर्वाद

लक्ष्मण सिंह नेगी।

मंगलवार को उर्खोली गांव पहुंचेगी दिवारा यात्रा।

ऊखीमठ। तल्लानागपुर क्षेत्र के चोपता फलासी की भगवती चण्डिका की घर दिवारा ने सोमवार को बछनी गांव में भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। दिवारा यात्रा के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों, ढोल-दमाऊं और शंखनाद के साथ मां का स्वागत किया। घर-घर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने भगवती का अभिनंदन किया । सोमवार को ब्रह्म बेला पर विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात दिवारा यात्रा ने बछनी गांव में नगर भ्रमण शुरू किया तो महिलाओं ने मांगल गीत गाए तथा युवाओं ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। गांव के विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण के दौरान भगवती चण्डिका ने भक्तों की कुशलक्षेम पूछकर उन्हें सुख-समृद्धि का आशीष दिया। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा जहां-जहां पहुंचती है, वहां से नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं और क्षेत्र में शांति एवं समृद्धि का संचार होता है। स्थानीय बुजुर्गों ने बताया कि यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और प्रत्येक चरण की दिवारा यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। नगर भ्रमण के दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने मां के दर्शन कर अपने परिवार की खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए नारियल, चुनरी और फल अर्पित किए। पूरे दिन गांव में धार्मिक उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा। विद्वानों के अनुसार भगवती चण्डिका शक्ति स्वरूपा हैं, जो दुष्टों का संहार कर धर्म की स्थापना करती हैं। देवी की महिमा का वर्णन अनेक पुराणों में मिलता है, जहां उन्हें दुर्गा के उग्र एवं रक्षक स्वरूप के रूप में पूजा जाता है। क्षेत्रीय लोकमान्यता के अनुसार मां चण्डिका अपने भक्तों की सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य सुनती हैं और संकट की घड़ी में रक्षा करती हैं। तुगेश्वर मन्दिर समिति अध्यक्ष मानवेन्द्र बर्त्वाल ने बताया कि मंगलवार को भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा ब्रह्म बेला पर बछनी गांव से उर्खोली पहुंचेगी तथा चन्द्र ग्रहण होने के कारण नगर भ्रमण करने के बजाय अपने पूजा स्थल पर विराजमान होंगी तथा बुधवार को शुद्धिकरण के बाद भगवती चण्डिका का नगर भ्रमण शुरू होगा । उन्होंने बताया कि भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा उर्खोली गांव में पांच रात्रि प्रवास करने के बाद तडाग गांव पहुंचेगी। इस मौके पर प्रबंधक कल्याण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष दलवीर सिंह राणा , सचिव पूर्ण सिंह खत्री , कोषाध्यक्ष यशवन्त सिंह नेगी, पूर्व प्रधान रणवीर सिंह फर्स्वाण, मगन सिंह नेगी, रणजीत सिंह करासी, मधुसूदन राणा, प्रताप सिंह बिष्ट, कुंवर सिंह करासी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!