उत्तराखंडखास खबरें

केदारनाथ में बिगड़ी दो यात्रियों की तबीयत, हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा

केदारनाथ में बिगड़ी दो यात्रियों की तबीयत, हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा

चिकित्सकीय परामर्श पर रूद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने तत्काल कराई उच्चस्तरीय उपचार की व्यवस्था

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा पर आए दो यात्रियों की अचानक स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को बेहतर उपचार के लिए हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा। दोनों यात्री केदारनाथ धाम स्थित स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती थे। चिकित्सकों द्वारा उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता जताई गई थी।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन रजवार ने संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सा दल से तत्काल समन्वय स्थापित किया। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दोनों यात्रियों को हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
प्रशासन के अनुसार एम्स ऋषिकेश में दोनों यात्रियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यात्रियों की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें समय पर उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के लिए हेली एंबुलेंस की सुविधा का उपयोग किया गया।

एम्स ऋषिकेश भेजे गए यात्रियों में 65 वर्षीय मोहन भंडारी निवासी कर्नाटक तथा चेतराम निवासी वार्ड संख्या-07, छानी कटारई, कुल्लू, हिमाचल प्रदेश शामिल हैं।

जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से बीमार अथवा घायल यात्रियों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों, चिकित्सा दल और आपदा प्रबंधन तंत्र के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!